बर्फबारी और बारिश ने उत्तर भारत में फिर बढ़ाई ठंड

पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश ने उत्तर भारत में ठंड को बढ़ा दिया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बुधवार को भारी हिमपात हुआ, वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में मंगलवार रात से बारिश ने पारा और गिरा दिया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिन तक यही हालत बने रहेंगे। हिमाचल के केलांग में पारा -5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तराखंड में बर्फबारी से 300 गांवों पूरी तरह ढक चुके हैं। केदारनाथ में सात फुट तक बर्फ जम चुकी है। वहीं कश्मीर के कठुआ में बर्फबारी से मकान गिरने से 14 वर्षीय लड़की की मौत हो गई। राजधानी दिल्ली बुधवार को दिनभर घने बादलों के बीच भीगी-भीगी रही। रिमझिम फुहारों ने पूरे दिन लोगों को भिगोया। दिनभर में करीब 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को भी बारिश होगी। वहीं, तापमान कमोवेश स्थिर रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार तड़के सेे रिमझिम फुहारें पड़ने लगी थीं। घने बादल छाए रहे। दिन चढ़ने के साथ बूंदाबांदी जारी रही। देर शाम तक यह सिलसिला चला। पूरे दिन में 10.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, इससे पहले सुबह आठ बजे तक 6 मिमी बारिश हुई थी। मौसम विभाग का कहना है कि पूरे दिन सूरज नहीं निकला। इससे दिन के तापमान में गिरावट आई। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ऊपर 12.5 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्की बारिश भी हो सकती है। बारिश होने पर न्यूनतम तापमान गिरेगा। इसके एक बार फिर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा।